मेरठ में एक हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय ने कहा कि जन्म के बाद अस्पताल से छुट्टी से पहले नवजात की कुछ जांचें बहुत उपयोगी होती हैं। थायराइड की जांच जन्म के 48 से 72 घंटे के बीच करानी चाहिए। समय पर पता लगने और इलाज से बच्चे के मस्तिष्क और शारीरिक विकास को नुकसान से बचाया जा सकता है।
डॉ. उपाध्याय ने बताया कि बच्चे का ब्लड ग्रुप अलग से जांचने की जरूरत नहीं होती, लेकिन यदि मां आरएच निगेटिव या ओ ब्लड ग्रुप की हो तो बच्चे के ब्लड की जांच करानी चाहिए, जिससे पीलिया के जोखिम से बचा जा सके। इसके साथ ही सुनने की क्षमता (ओएई) और हृदय की जांच (एसपीओ-2) भी जरूरी है, क्योंकि कई बार बच्चों के दिल में छेद होते हैं जो उम्र के साथ बड़ी समस्या बन जाते हैं।
कार्यक्रम में फोन पर लोगों के सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि नवजात में पीलिया गंभीर हो सकता है, इसलिए केवल धूप दिखाना पर्याप्त नहीं है और जांच व सही इलाज के लिए डॉक्टर को दिखाना चाहिए। नाभि पर घी या हल्दी न लगाएं, इससे संक्रमण हो सकता है। बच्चे को हमेशा समतल, सख्त गद्दे पर बिना तकिए के पीठ के बल सुलाएं, क्योंकि करवट या पेट के बल सुलाने से दम घुटने का खतरा रहता है।
उन्होंने बताया कि प्री-मैच्योर और कम वजन के बच्चों के इलाज में स्किन टू स्किन कांटैक्ट यानी कंगारू मदर केयर का अहम रोल है। इससे बच्चे का तापमान संतुलित रखने में मदद मिलती है और निमोनिया, डायरिया, हाइपोथर्मिया व हाइपोग्लाइसीमिया का रिस्क कम हो जाता है। टीकाकरण की स्थिति बेहतर बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में लगने वाले सभी टीके लगवाने चाहिए, साथ ही वायरल संक्रमण से बचाव के लिए फ्लू की वैक्सीन और आरएसवी से बचाने का टीका भी लगवाना चाहिए।
