भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) लखीमपुर में नेशनल हाईवे-30 पर सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए हर किलोमीटर पर कैमरे लगा रहा है। टोल प्लाजा को हाईवे का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। एनएचएआई मैगलगंज टोल प्लाजा मैनेजर बृजेश कुमार सिंह के अनुसार, हर किलोमीटर के बाद कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे हाईवे की निगरानी, सुरक्षा और यातायात की जानकारी संभव हो सकेगी।
हाईवे पर बने डिवाइडर के बीच पोल लगाने और कैमरों के लिए वायरिंग का काम शुरू हो चुका है। कुछ स्थानों पर कैमरे संचालित भी हैं और जल्द ही पूरे हाईवे पर कैमरे लग जाएंगे। इस कदम से हादसों के बाद फरार होने वाले वाहन चालकों की पहचान आसान होगी। अब तक कई मामलों में दुर्घटना के बाद चालक फरार हो जाते थे और लूट व चोरी जैसी घटनाओं में पुलिस को सुराग नहीं मिल पाता था।
कैमरों की निगरानी से ओवर स्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने और ओवरलोडिंग जैसे मामलों पर भी नजर रखी जा सकेगी, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना आसान होगा। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई के इस कदम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि कैमरे लगने से हाईवे पर सफर सुरक्षित होगा, हादसों में कमी आएगी और अपराध पर भी नियंत्रण होगा।
