नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल की पार्किंग से 19 नवंबर को चोरी हुई किआ सेल्टोस कार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कार बेचने के इरादे से रविवार को नोएडा आए थे, जब सेक्टर-58 थाना पुलिस ने उन्हें सेक्टर-57 से दबोचा।
हापुड़ के धनौरा गांव निवासी सुरेश त्यागी 16 नवंबर को अपनी पत्नी का उपचार कराने के लिए फोर्टिस अस्पताल आए थे। उनके बेटे चिराग त्यागी ने अपनी कार अस्पताल की पार्किंग में खड़ी की थी। 19 नवंबर को कार चोरी होने पर उन्होंने सेक्टर-58 थाने में केस दर्ज कराया।
थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि जांच के दौरान तीन संदिग्ध कार ले जाते दिखे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से उनकी पहचान कासगंज के बिलराम गेट निवासी निकुंज मनि, अशोक नगर निवासी रंजीत कुमार और रामबली कालोनी निवासी शांतनु यादव के रूप में की।
पूछताछ में पता चला कि रंजीत कंधे का उपचार कराने फोर्टिस आया था और शांतनु उसके साथ था। दोनों रात में पार्किंग में घूम रहे थे, तभी उनकी नजर कार पर पड़ी और उन्होंने कार की चाबी उठा ली। रंजीत के कंधे में चोट थी और शांतनु को कार चलानी नहीं आती थी, इसलिए रंजीत ने अपने दोस्त निकुंज को फोन कर साजिश के बारे में बताते हुए मौके पर बुलाया। निकुंज और शांतनु कार लेकर अस्पताल से चले गए, जबकि रंजीत अस्पताल में रुका रहा। अगले दिन छुट्टी कराकर रंजीत कासगंज चला गया था।
