एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के इनटेक चैनल में गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी आ गई, जिससे जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। इसका असर एनसीएल की उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश स्थित परियोजनाओं तथा मुख्यालय गोरबी, सिंगरौली और अन्य स्थानों पर पानी की आपूर्ति पर पड़ा है। जलापूर्ति बंद होने से संबंधित परियोजनाओं की कालोनियों में परेशानी की स्थिति बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि इनटेक चैनल जाम होने से कुएं (वेल्स) सूख गए हैं, जिससे एनटीपीसी सिंगरौली की सभी इकाइयों को पानी नहीं मिल रहा है। इसके चलते आईडब्ल्यूएसएस की कच्चे पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई और एनसीएल की कालोनी में सुबह से जलापूर्ति बाधित है।
एनसीएल आईडब्ल्यूएसएस के महाप्रबंधक (सिविल) अरविंद कुमार बंसल ने बताया कि इनटेक चैनल के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी एनटीपीसी सिंगरौली की है। गुरुवार सुबह किन्हीं कारणों से चैनल के चारों गेट गिर गए, जिससे पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई और एनसीएल की यूपी तथा एमपी की सभी संबंधित परियोजनाएं प्रभावित हुईं।
एनटीपीसी सिंगरौली के अधिकारी डा. ओमप्रकाश ने बताया कि इनटेक चैनल के गेट में कचरा फंसने से वह जाम हो गया है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम लगाकर मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि परियोजना की सात इकाइयों में से छह और सात नंबर इकाइयां चालू हैं, जबकि शेष इकाइयां पहले से ही मेंटेनेंस के चलते बंद हैं। जल्द ही जलापूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
