बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान और दक्षिण ओडिशा में भारी से अतिभारी वर्षा की आशंका को देखते हुए टीपी सदर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीएसओडीएल) ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुरक्षित रखने और आपात स्थिति में तत्काल बहाली के लिए तैयारी की है। कंपनी ने आठ जिलों में 6,474 कर्मचारियों को तैनात किया है, जबकि 800 परियोजना कर्मचारी और 400 अतिरिक्त कर्मचारी स्टैंडबाय पर रहेंगे।
कंपनी ने चार मोबाइल डिस्ट्रीब्यूशन सबस्टेशन, 358 वाहन, 25 आस्का लाइट, 19 डीजल जनरेटर सेट और 696 पेड़ काटने वाले उपकरण तैयार रखे हैं। बिजली नेटवर्क की मरम्मत के लिए पर्याप्त ट्रांसफार्मर, केबल और अन्य उपकरणों का भंडार बनाया गया है। सामग्री की त्वरित उपलब्धता के लिए पांच मुख्य स्टोर के साथ 16 ट्रांजिट स्टोर बनाए गए हैं। यह तैयारी गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि, नवरंगपुर, कंधमाल और बौद्ध जिलों के लिए की गई है।
पिछले महीने चक्रवात अर्णव और उसके बाद आई बाढ़ से मिले अनुभवों के आधार पर कंपनी ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत किया है। बरहमपुर के आम्बागुड़ा स्थित केंद्रीय नियंत्रण केंद्र से 24 घंटे बिजली नेटवर्क की निगरानी होगी, जबकि जयपुर, रायगड़ा और भंजनगर के क्षेत्रीय नियंत्रण केंद्र भी सक्रिय रहेंगे। उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 और 1800 2026 जारी किए गए हैं। शिकायत के लिए 9777774699 पर मिस्ड कॉल की सुविधा भी उपलब्ध है।
टीपीएसओडीएल के सीईओ अमित कुमार गर्ग ने कहा कि उपभोक्ताओं और कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करना कंपनी की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से टूटे बिजली तारों और जलमग्न विद्युत उपकरणों से दूर रहने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की।
