पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ खरडीहा गांव में शुक्रवार को एक गृह प्रवेश समारोह के भोज के बाद 400 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। लोगों को उल्टी, बदन दर्द और तेज बुखार की शिकायत हुई। रविवार तक बीमार लोगों की संख्या बढ़ने से गांव में अफरातफरी मच गई।
स्थिति गंभीर होने पर रविवार सुबह 40 से अधिक बीमार लोगों को इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। कई अन्य बीमार लोगों का गांव में ही उपचार किया जा रहा है। समारोह में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है और अस्पताल पहुंचे मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को जमुआ खरडीहा गांव भेजा गया है, जो बीमार लोगों की जांच कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने समारोह में बचे हुए भोजन को नष्ट करा दिया है और भोजन का नमूना जांच के लिए भेजा जा रहा है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लोगों के बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
