पलवल के चांदहट गांव में रविवार रात पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दोनों पक्षों की ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में झगड़ा देख रहे पिता-पुत्र गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पास में खड़ा सात वर्षीय बच्चा सिर में चोट लगने से जख्मी हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात गांव के ही रहने वाले शेखर, सौरभ, जसविंद्र और बिरम का पैसों के लेनदेन को लेकर दूसरे गुट के सरजीत, पाली और उनके साथियों के साथ विवाद हो गया था। कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई।
गांव में हुए इस झगड़े और शोर-शराबे को सुनकर सुखबीर, उनका बेटा हरेंद्र और पास में मौजूद सात वर्षीय बच्चा हिमांशु वहां खड़े होकर झगड़ा देख रहे थे। इसी बीच चली गोलियां सुखबीर और उनके बेटे के पैरों में लगीं, जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वहीं, पड़ोस में ही रहने वाले हिमांशु के सिर में पत्थर लगने से गंभीर चोट लग गई।
गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
