पंचकूला के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर हड़ताल जारी है। सेक्टर-6 स्थित अस्पताल में नर्स, अन्य मेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मरीजों की परेशानी को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती के बीच अब प्राइवेट अस्पतालों से कर्मचारियों को बुलाकर काम करवाया जा रहा है। अस्पताल में मरीज आशीष कुमार (अब मृतक) के इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में नर्सिंग स्टाफ को निलंबित किया गया है।

एसोसिएशन ने इस कार्रवाई को पूरी तरह एकतरफा और अन्यायपूर्ण बताया है। संगठन का आरोप है कि 11 अक्टूबर को मरीज के इलाज में हुई लापरवाही के वास्तविक कारणों का पता नहीं लगाया गया और न ही नर्सिंग स्टाफ का पक्ष सुना गया। अस्पताल प्रशासन की जांच कमेटी में नर्सिंग का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं किया गया और न ही उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया गया।

पदाधिकारियों के अनुसार, एकतरफा और गलत जांच के आधार पर नर्सिंग स्टाफ को दोषी ठहराते हुए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई, जिसके परिणामस्वरूप छह नर्सिंग ऑफिसर्स और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर्स को निलंबित कर दिया गया। इसी कार्रवाई के विरोध में हड़ताल जारी है।