संसद के आगामी सत्र को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। चर्चा है कि सरकार 15 दिसंबर से पहले कभी भी संसद सत्र बुला सकती है। इसी आशंका के बीच केंद्र सरकार के मंत्रियों और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने अपने यात्रा कार्यक्रम फिलहाल रोक दिए हैं। मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, सत्र का कार्यक्रम जल्द घोषित हो सकता है, इसलिए सांसदों को तैयार रहने को कहा गया है। यात्रा न करने को लेकर कोई औपचारिक निर्देश जारी नहीं हुआ है, लेकिन कम समय के नोटिस पर सत्र बुलाए जाने की संभावना को देखते हुए सांसदों के बीच सहमति बनी है कि सभी उपलब्ध रहें। एक सांसद के मुताबिक, सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है।

इस बीच मॉनून सत्र को अभी तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया है और विपक्ष ने सत्रावसान में देरी पर सवाल उठाए हैं। सरकार ने देरी के कारणों पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि मॉनसून सत्र का सत्रावसान न होने में कुछ भी असंवैधानिक नहीं है।

सत्र को लेकर अनिश्चितता के बीच सरकार परिसीमन और संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश कर रही है। इन विधेयकों के जरिए 2029 तक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव है। सरकार ने इन्हें पारित कराने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क कर राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर समर्थन देने की अपील की है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी तक बढ़ाने की योजना है और सरकार ने राज्यों का आनुपातिक प्रतिनिधित्व बरकरार रखने का भरोसा दिया है। परिसीमन के बाद लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़ाकर अधिकतम 850 तक की जा सकती हैं।

विपक्ष अपनी मांग पर कायम है कि राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर सरकार के आश्वासन विधेयकों में स्पष्ट रूप से शामिल किए जाएं। कुछ विपक्षी दलों ने सुझाव दिया है कि महिला आरक्षण लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या के आधार पर ही लागू किया जाए। नया सत्र बुलाने के लिए राष्ट्रपति की ओर से समन जारी करना जरूरी होता है और आम तौर पर सांसदों को सत्र शुरू होने से कम से कम कुछ सप्ताह पहले सूचना मिलती है। हालांकि, सरकार मौजूदा मॉनसून सत्र को कम समय के नोटिस पर आगे बढ़ा सकती है, ऐसी स्थिति में नए समन की जरूरत नहीं होगी।