खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को बख्तियारपुर के बाढ़ रोड स्थित एक पनीर कारखाने पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से शवों को संरक्षित करने में इस्तेमाल होने वाला 130 लीटर फॉर्मेलिन बरामद हुआ। इसके अलावा 214 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जबकि 635 किलो क्रीम, 360 किलो पनीर और 400 लीटर दूध मौके पर ही नष्ट कराया गया। जब्त और नष्ट किए गए दुग्ध उत्पादों की कीमत करीब 4 लाख 73 हजार 900 रुपये आंकी गई है। टीम का नेतृत्व मुकेश कश्यप कर रहे थे।
जांच में कारखाने के पास न तो वैध एफएसएसएआई लाइसेंस मिला और न ही कीट नियंत्रण प्रमाणपत्र। परिसर की सफाई की स्थिति खराब थी और फर्श पर गंदा पानी जमा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर, दूध, घी और क्रीम के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद उन होटलों और कैटरर्स की भी जांच की जाएगी, जहां इस कारखाने से आपूर्ति की जाती थी। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत वैध लाइसेंस मिलने तक कारखाने में उत्पादन और बिक्री पर रोक लगाई गई है।
विभाग के अनुसार कारखाने में तैयार पनीर, दूध और घी होटलों व कैटरर्स को बेचा जा रहा था। फॉर्मेलिन, फॉर्मेल्डिहाइड का जलीय घोल है, जिसका इस्तेमाल शवों को संरक्षित रखने, औद्योगिक और प्रयोगशाला संबंधी कार्यों तथा कीटाणुनाशक उत्पादों में होता है। आईजीआईएमएस में गैस्ट्रो मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार झा के अनुसार फॉर्मेल्डिहाइड विषैला रसायन है। इसके संपर्क में आने से आंख, नाक और गले में जलन हो सकती है, जबकि निगलने पर पेट और आंतों को नुकसान तथा गुर्दे और अन्य अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लंबे समय तक संपर्क से कैंसर की आशंका भी बढ़ सकती है।
बताते चलें कि जिले में खाद्य सामग्रियों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग पिछले आठ महीनों से लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। इससे पहले चार नवंबर को अगमकुआं के एक घी भंडार से 855 किलो घी और 174 किलो मिल्क केक जब्त किया गया था।
