प्रतापगढ़ के विवेक नगर में रविवार रात एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उसका गला रेत दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश में हमले की आशंका जता रही है और मामले की जांच कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के विवेक नगर में रविवार रात अज्ञात हमलावर ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। हमले में युवक का गला रेत दिया गया। घटना की जानकारी सुबह हो सकी।
पीड़ित की पहचान 48 वर्षीय प्रदीप श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो किराए के कमरे में रहते थे। सूचना मिलने पर उनके भाई उन्हें अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर कर दिया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस पुरानी रंजिश में हमला किए जाने का अनुमान लगा रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
