प्रयागराज में एयरपोर्ट के पास एयरो सिटी विकसित करने की योजना आगे बढ़ गई है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने इसके लिए डीपीआर तैयार कर लिया है और टेक्निकल प्रजेंटेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। योजना के तहत तीन गांवों के 614 काश्तकारों से 400 हेक्टेयर से अधिक जमीन अधिग्रहीत की जाएगी।

पीडीए सचिव विनीत कुमार सिंह के अनुसार, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया एक से दो दिन के भीतर शुरू कर दी जाएगी। पहले चरण में कटहुला गौसपुर, शेरपुर और जलालपुर घोसी के 332 काश्तकारों की भूमि ली जाएगी। दूसरे चरण में कटहुला गौसपुर और शेरपुर के 282 किसानों से 102 हेक्टेयर से अधिक जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। दोनों चरण पूरे होने के बाद तीसरे चरण की कार्ययोजना बनेगी। पीडीए की मंशा पूरी एयरो सिटी को सात से आठ चरणों में विकसित करने की है। जमीन अधिग्रहण का नोटिफिकेशन भी जारी किया जा चुका है।

एक हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में बसने वाली इस टाउनशिप को लखनऊ के गोमती नगर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसमें आवासीय भूखंडों और मकानों के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जगह होगी। हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना में बच्चों के पार्क, स्वीमिंग पूल, खेल के मैदान, शॉपिंग मॉल, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं शामिल की जाएंगी।

इस परियोजना के लिए शासन की ओर से चार माह पहले 100 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। एयरो सिटी में प्रस्तावित आईटी पार्क का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल इसके लिए 20 हेक्टेयर जमीन प्रस्तावित है, लेकिन भविष्य की जरूरतों और निवेश की संभावनाओं को देखते हुए इसे 30 से 40 हेक्टेयर तक करने पर विचार किया जा रहा है, जिससे आईटी कंपनियों और रोजगार के नए अवसरों के लिए जगह उपलब्ध हो सके।