प्रयागराज में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा का विस्तार किया जा रहा है। शासन की ओर से शहर में करीब 150 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारने की तैयारी है, जिससे शहर के हर कोने तक बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। इसके साथ ही कनिहार में नया बस स्टेशन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

वर्ष 2021 में शहर को सिटी बस की सुविधा मिली थी। फिलहाल पांच अलग-अलग रूटों पर 45 इलेक्ट्रिक सिटी बसें दौड़ रही हैं, जबकि पांच बसें ऑफ रोड हैं। इनके भी जल्द सड़कों पर उतरने की उम्मीद है। रोजाना लगभग छह हजार यात्री इन बसों का लाभ उठा रहे हैं। बसों की संख्या कम होने से कई मार्गों पर लोगों को टेंपो, ऑटो और ई-रिक्शा में सफर करना पड़ता है।

सिटी बसों के स्टेशनों और वर्कशाप की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। लेप्रोसी चौराहे के पास पहले से चल रहे बस स्टेशन के अलावा अब कनिहार में एक और बस स्टेशन बनाने की तैयारी है। यहां से 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। इसके लिए तीन एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। परिवहन निगम इसके लिए नगर निगम को प्रस्ताव भेजेगा और सदन की बैठक में इसे स्वीकृति के लिए रखा जाएगा।

परिवहन निगम के अधिकारियों ने बस स्टेशन के बिजली कनेक्शन के लिए भी कवायद शुरू कर दी है, ताकि आगे कोई दिक्कत न आए। कनिहार के बाद शहर के दूसरे इलाकों में भी सिटी बस स्टेशन बनाने पर काम होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम प्रयागराज रवींद्र कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल कनिहार में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का स्टेशन बनना है और जमीन चिन्हित है। इसके बाद शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुविधा का विस्तार किया जाएगा।