नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे के अंदर 22 वर्षीय युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के दो सहकर्मियों ने उसके साथ रेप किया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता और मामले के सभी छह आरोपी कड़कड़डूमा इलाके के एक मॉल में स्थित कैफे में काम करते हैं। युवती ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह अपने सहकर्मियों के साथ कैफे में पार्टी करने के लिए रुकी थी। इसी दौरान उसके साथ यह घटना हुई। सूत्रों के अनुसार, कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हो गया था, लेकिन ग्रुप के एक सदस्य के पास परिसर की चाबी थी। उसने कैफे बंद होने के बाद दोबारा खोला और इसके बाद सभी ने वहां पार्टी शुरू कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पार्टी के दौरान समूह के सदस्यों ने शराब पी। सभी कई घंटे तक कैफे में मौजूद रहे और सुबह करीब 3:30 बजे वहां से निकले। इसके बाद युवती ने आरोप लगाया कि उसके दो सहकर्मियों ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने वहां मौजूद अन्य सहकर्मियों पर भी आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अब तक एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।