पुणे के हिंजेवाड़ी इलाके में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी गर्लफ्रेंड की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव के अनुसार, आरोपी शुभम कालबांडे को घटना के बाद हिरासत में ले लिया गया है। मृतका की पहचान वर्धा जिले की रहने वाली कोमल दहाले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बुलढाणा जिले का निवासी बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और हिंजेवाड़ी की दो बड़ी आईटी कंपनियों में काम करते थे। पेशे के जरिये ही दोनों के बीच संपर्क हुआ था और वे पिछले साढ़े तीन साल से रिलेशनशिप में थे। अधिकारी ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर बहस होती रहती थी।

जाधव के अनुसार, रविवार रात दोनों डिनर के लिए एक होटल गए थे और इसके बाद सखारे वस्ती स्थित 'प्रिस्टीन पीजी' लौट आए, जहां दहाले रहती थी। रात करीब 12:30 बजे उनके बीच बहस शुरू हुई, जो तीन बजे के आसपास हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर कालबांडे ने दहाले को कई बार मुक्के मारे और बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन कर एम्बुलेंस मांगी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि कालबांडे ने ही अपनी गर्लफ्रेंड पर जानलेवा हमला किया था।