पंजाब में 27 नवंबर को रात आठ बजे सभी जिलों में नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत होने वाले इस अभ्यास की शुरुआत एयर रेड चेतावनी सायरन से होगी, जो दो मिनट तक ऊंची और धीमी आवाज में बजेगा। इसके बाद संबंधित जिलों के उपायुक्त और नागरिक सुरक्षा नियंत्रक चिन्हित क्षेत्रों में सांकेतिक ब्लैकआउट लागू करेंगे और लोगों को गैर-जरूरी रोशनी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।

अभ्यास के समापन पर दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज वाला सायरन बजाकर ‘आल क्लियर’ यानी खतरा टलने का संकेत दिया जाएगा। फिरोजपुर में यह अभ्यास शहर के सिविल अस्पताल के पास हाउसिंग बोर्ड कालोनी में आयोजित होगा। तैयारियों को लेकर सहायक कमिश्नर हिमांशु अंडर ट्रेनिंग ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सायरन सुनकर शांत रहें, मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग करें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। स्पष्ट किया गया है कि यह केवल पूर्व निर्धारित मॉक अभ्यास होगा, वास्तविक हवाई हमले या किसी आपात स्थिति का अलर्ट नहीं।