पंजाब सरकार ने नगर निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए 28 नवंबर, शनिवार को तीन नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, यह निर्णय नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट-1881 के तहत लिया गया है। यह छुट्टी पटियाला नगर निगम, बाघापुराना नगर परिषद और धर्मकोट नगर परिषद के चुनावी क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी।
सरकारी आदेशों के अनुसार, इन इलाकों में होने वाले आम और उपचुनाव के चलते मतदान के दिन सभी सरकारी दफ्तर, बोर्ड, कॉर्पोरेशन और शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे। ये निकाय चुनाव पटियाला सहित कुल 52 वार्डों में होने जा रहे हैं। इनमें पटियाला नगर निगम के 30 वार्ड, बाघापुराना नगर परिषद के 15 वार्ड और धर्मकोट नगर परिषद के 7 वार्ड शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इन तीन निकाय क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता किसी अन्य जिले या स्थान पर सरकारी नौकरी, बोर्ड, कॉर्पोरेशन अथवा शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत हैं, तो उन्हें मतदान के लिए विशेष अवकाश दिया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को संबंधित अधिकारी के समक्ष अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस विशेष अवकाश को कर्मचारी के नियमित छुट्टी खाते से न काटा जाए।
