अंतरराष्ट्रीय जेवलिन थ्रो एथलीट पुष्पेंद्र सिंह यादव ने अलीगढ़ में दिल्ली हाईकोर्ट की अधिवक्ता प्राची यादव से विवाह कर लिया है। विवाह के बाद दुल्हन के साथ पुष्पेंद्र अपने पैतृक गांव भलोल पहुंचे, जहां शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
जैथरा विकासखंड क्षेत्र के गांव भलोल निवासी पुष्पेंद्र सिंह यादव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खेल जगत में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। उन्होंने एशियाई पैरा गेम्स में जेवलिन थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया था। इसके अलावा वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी कई पदक हासिल कर चुके हैं।
प्राची यादव दिल्ली हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। वह बदायूं में सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी के पद पर तैनात गिरीश कुमार यादव की पुत्री हैं। उनका मूल गांव एटा जनपद का नगला गलू है और वर्तमान में उनका परिवार अलीगढ़ में निवास कर रहा है।
बताया गया है कि अक्टूबर में एशियाई पैरा ओलंपिक प्रतियोगिता के चलते पुष्पेंद्र के विवाह की तिथि नवंबर में निर्धारित की गई थी। इससे पहले नवंबर में दिल्ली में प्राची यादव के साथ उनकी सगाई हुई थी। अब अलीगढ़ में विवाह संपन्न होने के बाद दोनों ने अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत की है। गांव में खुशी का माहौल है और लोगों ने नवदंपती को शुभकामनाएं देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
