बाराबंकी में यूपी एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान में रविवार को राहुल दीक्षित गैंग के सक्रिय सदस्य आशीष दुबे उर्फ विशाल दुबे को गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ के मुताबिक, फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाल विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई हुई। आरोपी को रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के सहादतगंज पुल के पास सुबह साढ़े 10 बजे पकड़ा गया। वह काफी समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, बीते 28 अक्टूबर को मोहम्मदपुर कीरत-सिद्धौर मार्ग पर एक ज्वेलर्स से लूट की कोशिश की गई थी। वारदात को अंजाम देने पहुंचे बदमाश लूट में नाकाम रहे, जिसके बाद उन्होंने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी, जांच में राहुल दीक्षित गैंग के सदस्यों की संलिप्तता सामने आई थी।
एसटीएफ की पूछताछ में आशीष दुबे ने राहुल दीक्षित, सौरभ वर्मा समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि 2025 में उसकी राहुल दीक्षित से जान-पहचान हुई थी। दिसंबर 2025 में राहुल एक पुराने लूट के मुकदमे में जेल गया था और जुलाई 2026 में जेल से छूटने के बाद दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि 27 अक्टूबर को राहुल ने उसे फोन कर गुडंबा थाने के पास मिलने के लिए बुलाया और वॉट्सऐप पर लोकेशन भेजी, जहां उसकी मुलाकात राहुल दीक्षित और सौरभ वर्मा से हुई। आरोप है कि राहुल ने उसे बताया कि सौरभ के पास एक काम है, जिसमें उसे गाड़ी चलानी होगी और कुछ अन्य लड़के भी साथ रहेंगे। फरारी के दौरान वह कानपुर, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
इस मामले में पुलिस पहले ही कृष सिंह और आयुष पांडेय को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि गैंग लीडर राहुल दीक्षित और सौरभ वर्मा को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी आशीष दुबे के खिलाफ रामसनेहीघाट थाने में दर्ज संबंधित मुकदमे में दाखिल कर दिया है। इसके बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस की ओर से की जा रही है।
