जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद देशभर में पारा लगातार गिर रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में झीलें जम चुकी हैं और मैदानी राज्यों में कोहरा बढ़ गया है। रात का तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी है। मध्य प्रदेश के भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज किया गया। देश के मैदानी शहरों में भोपाल छठे स्थान पर रहा। यहां का पारा शिमला (9.2°C) और शिलांग (9.3°C) से भी नीचे पहुंच गया। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले कुछ दिनों में पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान में 3 से 5°C की गिरावट आ सकती है। मंगलवार को दार्जिलिंग राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान 7.6°C दर्ज किया गया। सोमवार की रात श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां पारा माइनस 1.6°C तक गिर गया। पहलगाम में तापमान माइनस 4.6°C तक पहुंच गया।
राजधानी दिल्ली की हवा लगातार 10वें दिन जहरीली बनी हुई है। मंगलवार को डेटा रिकॉर्ड करने वाले 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 34 पर हवा की गुणवत्ता 'खराब', 19 पर 'मध्यम' और 5 पर 'बहुत खराब' श्रेणी में रही। IMD के 'एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम' ने अनुमान लगाया है कि अगले 3 दिन तक दिल्ली की हवा बेहद खराब रहने की संभावना है। CPCB के अनुसार 0-50 AQI को अच्छा, 51-100 को संतोषजनक, 101-200 को मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
