लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसा है। सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के नाम लिखे एक पत्र में राजभर ने आरोप लगाया कि सपा नेता आजम खान को पहले पार्टी में बड़ा महत्व दिया जाता था, लेकिन अब उन्हें कोई महत्व नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के लिए आजम खान अब 'चचाजान दग चुकी हुई गोली' बन चुके हैं।

राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि आजम खान कुछ दिन के लिए जेल से बाहर आए हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि उनके बाहर आने से अखिलेश यादव को कोई खास खुशी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि न अब तक आजम खान से दुआ-सलाम हुई, न उनसे मिलने की फुरसत मिली और न ही स्वर्गीय नेताजी की जयंती पर उन्हें लखनऊ निमंत्रित किया गया।

राजभर ने आगे कहा कि जब अखिलेश यादव अपने पिता और सगे चच्चू को कुछ नहीं समझे, तो रामपुरी वाले चचा की क्या बात करनी। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जिस एम-वाई समीकरण को 'भाईचारा' कहते हैं, उसमें 'चारा' का चेहरा बदलता रहता है—कभी आजम खान थे, अब कोई और है। राजभर ने यह भी दावा किया कि सुनने में आया है कि आजम खान इंटरव्यू में कह रहे हैं कि वे अब 'बिकने' को तैयार हैं।

राजभर ने कहा कि आजम खान को खरीदने के लिए बाजार में 'दाढ़ी वाला और मूंछ वाला' पहले से ललचाए घूम रहे हैं। उन्होंने यह जिक्र एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद के लिए किया, जिन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम से तीसरा गठबंधन बनाया है।