वाल्मीकि रामायण के उत्तरकांड के 34वें सर्ग में किष्किंधा के राजा बाली और लंकापति रावण से जुड़ा एक प्रसंग मिलता है। कथा के अनुसार, अपनी शक्ति पर घमंड करने वाला रावण बाली को युद्ध की चुनौती देने किष्किंधा पहुंचा। उस समय बाली समुद्र के किनारे संध्या वंदन कर रहे थे। कुछ कथाओं में कहा जाता है कि रावण ने पीछे से हमला करने का प्रयास भी किया, लेकिन बाली को उसकी चाल का पता चल गया।

मान्यता के अनुसार, बाली को यह वरदान प्राप्त था कि जो भी उनसे सामने आकर युद्ध करता, उसकी आधी शक्ति बाली को मिल जाती थी। बताया जाता है कि बाली ने रावण को पकड़कर अपनी कांख में दबा लिया और अपनी संध्या पूजा बंद किए बिना ही आकाश में उड़ने लगे। कथा के अनुसार, उन्होंने रावण को कांख में दबाए हुए दक्षिण, पश्चिम, उत्तर और पूर्व दिशा के समुद्रों के तट पर संध्या वंदन किया। इस दौरान रावण छूटने का प्रयास करता रहा, लेकिन सफल नहीं हुआ।

चारों समुद्रों की परिक्रमा पूरी करने के बाद बाली किष्किंधा लौटे और तब उन्होंने रावण को अपनी पकड़ से मुक्त किया। कहा जाता है कि रावण बाली के पराक्रम से प्रभावित हुआ, उसने अपनी हार स्वीकार की और शत्रुता के बजाय मित्रता का प्रस्ताव रखा। इसके बाद दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर मित्रता की शपथ ली। इस तरह रावण बाली को हराने के इरादे से पहुंचा था, लेकिन वहां से उसका मित्र बनकर लौटा।