पंजाबी सिंगर सतिंदर सरताज का सूफी गाना 'गुजारिश' इन दिनों यूट्यूब के ग्लोबल चार्ट में पहले नंबर पर पहुंच गया है। गाने का वीडियो रिलीज होने के करीब दो महीने के भीतर ही इसे 109 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। इंस्टाग्राम पर भी इस गाने की खूब चर्चा हो रही है और लोग इस पर लगातार रील्स बना रहे हैं।

आजकल तेज म्यूजिक वाले गानों के बीच सतिंदर सरताज का सूफी अंदाज लोगों को अलग सुकून दे रहा है। उनकी आवाज, शायरी और धुन का ऑडियंस पर खास असर देखा जा रहा है, जिसकी वजह से यह गाना हर उम्र के लोगों को पसंद आ रहा है।

बता दें कि 'गुजारिश' गाना साल 2015 में आया था, लेकिन इसका वीडियो करीब दो महीने पहले रिलीज किया गया। वीडियो सामने आते ही गाने की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और यह सोशल मीडिया पर छा गया। गाने में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका की तारीफ में खूबसूरत लफ्जों में अपने दिल की बातें कहता है। गाने में प्यार को गहरे एहसास के साथ पेश किया गया है और इसके शब्दों में सूफी रंग साफ नजर आता है।

इस गाने को सतिंदर सरताज ने ही गाया है और इसके बोल भी उन्होंने खुद लिखे हैं। गाने का म्यूजिक प्रोडक्शन गोल्डी सोहल ने किया है और इसे टी-सीरीज के बैनर तले रिलीज किया गया है। सतिंदर सरताज पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं और उनके 'सज्जन राजी', 'उड़ारियां', 'मासूमियत', 'रंगरेज', 'जिंदगी की किताब' और 'हीर' जैसे गानों को भी लोगों ने खूब पसंद किया है। लोगों ने 'गुजारिश' की भी तारीफ की है। एक यूजर ने कहा कि इस गाने में अजीब सा सुकून है, जिसे बार-बार सुनने का मन करता है, जबकि एक अन्य ने कहा कि आजकल ऐसे गाने बनते ही कहां हैं।