अरुणाचल प्रदेश के सिंगर रितो रिबा का नया गाना 'दिलरुबा दिलनशीं' इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। पिछले महीने रिलीज हुए इस गाने को यूट्यूब के टॉप म्यूजिक वीडियो चार्ट में 27वां स्थान मिला है। रोमांटिक डांस ट्रैक होने के कारण लोग इस पर सोशल मीडिया पर जमकर रील्स बना रहे हैं।

गाना 16 अक्टूबर को यूट्यूब पर रिलीज किया गया था। इसे रितो रिबा ने रेट्रो स्टाइल में गाया है और इसका संगीत भी खुद तैयार किया है। गाने के बोल सिद्धांत कौशल ने लिखे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस गाने को देश-विदेश में सुना जा रहा है।

रितो रिबा ने साल 2014 में अपने यूट्यूब चैनल के जरिए म्यूजिकल करियर शुरू किया था। चार साल पहले उनका एक गाना रातोंरात वायरल हुआ था, जिससे वे सिंगिंग सेंसेशन बन गए थे। उन्हें असली पहचान 'इंडियन आइडल सीजन 13' से मिली थी, जिसे हिमेश रेशमिया, नेहा कक्कड़ और विशाल ददलानी ने जज किया था।

शो के थिएटर राउंड में रितो रिबा ने अपना लिखा हुआ गाना गाकर इंटरनेट पर ध्यान खींचा था, लेकिन उन्हें टॉप 15 में जगह नहीं मिली और शो से बाहर कर दिया गया था। इस फैसले के कारण जजेस को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था।