रामपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मुरादाबाद से सीतापुर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो दुर्गनगला के पास अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में बोलेरो सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब साढ़े बारह बजे शहजादनगर थाना क्षेत्र में हुई।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गाड़ी यूपी 34 नंबर की थी। गाड़ी मालिक मन्नू पुत्र राजू पोरवाल सीतापुर के कसबा व थाना बिसवां के रहने वाले हैं। उनके अनुसार गाड़ी उनका भाई सुनील पोरवाल किसी काम से मुरादाबाद लेकर गया था। उसके साथ बिसवां के ही अभिषेक, निलेश और रामजीवन यादव भी थे।

गाड़ी के 30 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद उसके परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे चारों लोग खेत में दूर-दूर जा गिरे। काफी देर तक बोलेरो के इंजन से धुआं निकलता रहा। आग लगने की आशंका के चलते पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, जिसने इंजन पर पानी डालकर उसे ठंडा किया। पुलिस ने चारों को देखा तो सुनील, अभिषेक और निलेश की सांसें थम चुकी थीं, जबकि रामजीवन यादव की सांसें चल रही थीं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।

शहजादनगर थाना प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि गाड़ी सुनील के भाई मन्नू के नाम पर थी और उन्हें फोन करके हादसे की जानकारी दी गई है। स्वजन रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, रामपुर के शौकत मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से 21 वर्षीय बाइक सवार तुषार की मौत हो गई। तुषार डायमंड कालोनी रोड के रहने वाले थे और टाटा क्रोमा कंपनी में सेल्समैन थे। शुभ्रा पैथोलॉजी लैब के पास हुई टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद स्वजन उन्हें मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक परिवार का इकलौता बेटा था।