उत्तर प्रदेश के रामपुर में शहजादनगर थाना क्षेत्र में देर शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो फ्लाईओवर से नीचे गिर गई, जिसमें सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बोलेरो का नंबर UP 34 BP 5766 है और गाड़ी में सवार चारों युवक सीतापुर जिले के बिसवां के रहने वाले थे। वे मुरादाबाद से अपने घर सीतापुर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर पर पहुंचते ही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक बुरी तरह फंस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शहजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथे युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
मृतकों में सुनील पोरवाल, अभिषेक और निलेश की पहचान हुई है, जबकि चौथे मृतक की पहचान से जुड़ी जानकारी सामने आने का इंतजार है। हादसे की खबर परिवारों तक पहुंचते ही घरों में चीख-पुकार मच गई। जिन परिवारों को अपने परिजनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
