रांची के 18 वर्षीय एथिकल हैकर सार्थक सिद्धांत ने उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट की लाखों स्कैन PDF फाइलों को सर्च करने लायक डिजिटल डेटा में बदलने का दावा किया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी। उनके मुताबिक उनकी टीम ने चुनाव आयोग की ओर से जारी वोटर लिस्ट की PDF पर ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (OCR) तकनीक का इस्तेमाल किया, जिससे स्कैन फाइलों में मौजूद नाम और अन्य जानकारियां मशीन से पढ़े जा सकने वाले डेटा में बदल गईं।

सार्थक के अनुसार राज्य की 403 विधानसभा सीटों के 54.8 करोड़ वोटर रिकॉर्ड्स को अब आसानी से खंगाला जा सकेगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की 6.8 लाख PDF फाइलों को डिजिटल डेटा में बदला गया है। अब तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ज्यादातर वोटर लिस्ट PDF के रूप में थीं, जिनमें नाम तलाशने के लिए विधानसभा क्षेत्र और पोलिंग बूथ की जानकारी जुटाकर पन्ने एक-एक करके देखने पड़ते थे। OCR तकनीक से अब यह डेटा टेबल के रूप में व्यवस्थित कर दिया गया है, जिससे खास रिकॉर्ड खोजना और अलग-अलग चुनावों या रिवीजन के दौरान वोटर लिस्ट में हुए बदलावों की तुलना करना आसान होगा।

निजता के बारे में सार्थक का कहना है कि सार्वजनिक रूप से डाउनलोड किए जा सकने वाले डेटा में वोटर के नाम, रिश्तेदारों के नाम, EPIC नंबर और मकान नंबर जैसे संवेदनशील पहचान संबंधी विवरणों को एक टोकन से बदल दिया गया है। बता दें कि विपक्ष चुनाव आयोग से इस तरह की व्यवस्था की मांग करता रहा है और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने 17 नवंबर को 2027 की ड्राफ्ट वोटिंग लिस्ट में जानकारी खोजने और डाउनलोड करने लायक PDF फाइलें उपलब्ध कराई थीं। सार्थक ने इससे आगे बढ़कर मतदाता सूची के चार सेट्स को एक साथ लाकर एक डाटासेट बनाया है। उनके इस काम की तारीफ हो रही है और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने एक बयान में उनकी प्रशंसा की है।

इससे पहले सार्थक सिद्धांत CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम में गड़बड़ियों को उजागर कर चर्चा में आए थे। मार्क्स कम मिलने के बाद उन्होंने अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी मांगी और बोर्ड के नई चेकिंग सिस्टम की पड़ताल शुरू की, जिसमें उन्हें कई खामियां नजर आईं। इसके बाद OSM को लेकर देशभर के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी आवाज उठाई। बीते 20 नवंबर को सार्थक को टाइम्स की उभरती हुई शख्सियतों की सूची में भी जगह मिली थी।