रांची के खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में आठ नवंबर को कोयला लदे हाईवा में आग लगाने की घटना में पुलिस ने मोहित मिनरल कंपनी के पूर्व कर्मचारी मो. मोजम्मिल को मास्टरमाइंड बताया है। पुलिस के अनुसार, कंपनी ने कुछ दिन पहले मोजम्मिल को नौकरी से हटा दिया था, जिसके बाद उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की साजिश रची। इस सिलसिले में एसआईटी ने मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मोजम्मिल ने अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी के साथ मिलकर आगजनी की योजना बनाई। कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार को निशाना बनाने के उद्देश्य से उसके घर और वाहन की रेकी भी की गई थी। पुलिस के अनुसार, आगजनी के बाद आरोपियों को लेवी की रकम नहीं मिली, जिस वजह से गिरोह के सदस्य दोबारा वारदात करने की तैयारी में थे।
रविवार को एसआईटी को गुप्त सूचना मिली कि घटना में शामिल अपराधी कार से खलारी की ओर आ रहे हैं। इसके बाद बलथरवा इलाके में वाहन जांच शुरू की गई और बिजुपाड़ा की ओर से आ रही संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। उसमें सवार अफताब आलम, हसन अंसारी और कलीम अंसारी ने पूछताछ में आठ नवंबर की आगजनी में शामिल होने की बात स्वीकार की और मो. मोजम्मिल की भूमिका बताई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार, तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में हसन अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह ओडिशा के रेंगाली थाना कांड संख्या 1474/25 में आरोपित रहा है, जिसमें बैंक डकैती और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज है।
