रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में हूती विद्रोहियों के हमले में कम से कम दो भारतीयों सहित कई लोग घायल हो गए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की बात कही है।
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित एक टावर को निशाना बनाकर किए गए हमले में दो भारतीयों सहित कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सऊदी अरब के दो, भारत के दो, नेपाल के तीन और मिस्र के चार नागरिक शामिल हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता दे रहा है और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों से स्थानीय नियमों और कानूनों का पालन करने की अपील की गई है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसे हमलों से आम नागरिकों की जान को गंभीर खतरा है और ये सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करने के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को भी कमजोर करते हैं। भारत ने सऊदी अरब की जनता और सरकार के प्रति एकजुटता दोहराते हुए देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपना पूरा समर्थन जताया और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल होने की उम्मीद जताई।
यह एक सप्ताह से भी कम समय में रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट के किसी टावर पर हुआ दूसरा हमला था। इससे पहले 19 नवंबर को हुए हमले में एक टावर और आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा था, हालांकि उस समय किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी। हमले के बाद यमनी विद्रोही लड़ाकों ने धमकी दी है कि अगर सऊदी अरब यमन के होदेइदाह बंदरगाह पर हमला करने की धमकियों को अंजाम देता है, तो वह जेद्दा बंदरगाह और लाल सागर तट पर स्थित अन्य सऊदी बंदरगाहों को निशाना बनाएगा। एक अनुमान के मुताबिक इस तरह के हमलों में अब तक करीब 25 भारतीयों की मौत हो चुकी है। भारत लगातार कहता रहा है कि संघर्षों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए निकाला जाना चाहिए।
