मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को रोहित शर्मा को दोबारा टीम का कप्तान बनाने की घोषणा की है। रोहित ने अपनी कप्तानी में टीम को पांच बार आईपीएल खिताब दिलाया है और अब एक बार फिर यह जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं। कप्तानी मिलने पर उन्होंने खुशी जताई और पिछले तीन सीजनों में टीम के खराब प्रदर्शन पर दुख व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों पर अपनी जिम्मेदारियां ठीक से न निभाने का आरोप लगाया है।

हार्दिक पांड्या 2022 में गुजरात टाइटंस गए थे और 2024 में कप्तान के तौर पर मुंबई इंडियंस लौटे थे, जिसके बाद टीम दो खांचों में बंटी नजर आई और टीम में पांड्या व रोहित के बीच अनबन की खबरें भी आई थीं। इस साल मुंबई ने पांड्या को पंजाब किंग्स से अर्शदीप सिंह के बदले ट्रेड किया है और रोहित को फिर कप्तानी सौंपी है। फ्रेंचाइजी के प्रबंधन की सोच है कि टीम अपने पुराने दिनों में लौटे, और रोहित भी यही चाहते हैं।

मुंबई इंडियंस द्वारा जारी इंटरव्यू में रोहित ने कहा कि बीते कुछ सीजनों में टीम की स्थिति देखकर उन्हें दुख होता था। उन्होंने कहा, "तीन सीजनों में मुंबई सबसे निचले पायदान पर रही, जिसमें से एक मेरी कप्तानी के दौरान था 2022 में और फिर 2024, 2026 में। मुंबई इसके लिए नहीं जानी जाती थी। बीते कुछ सालों से हम नीचे ही थे। हमने अच्छे से प्रतिस्पर्धा नहीं की।"

रोहित ने कहा कि निराशा क्वालिफिकेशन की नहीं, बल्कि इस बात की है कि टीम ठीक से खेल नहीं रही थी। उन्होंने कहा, "जो जिम्मेदारियां थीं लोगों के पास वो ठीक से निभा नहीं रहे थे।" उनके मुताबिक, टीम के निराशाजनक प्रदर्शन ने कई खिलाड़ियों को परेशान किया था और इसी बात ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि इस टीम को दोबारा कैसे बनाया जाए। उन्होंने कहा, "जैसे ही आईपीएल खत्म होता था, हमारा सीजन काफी निराशाजनक था। सिर्फ मैं नहीं बल्कि कई खिलाड़ी इस बात से परेशान थे कि हम किस तरह से खेल रहे हैं।"