उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने वर्ष 2027-28 के ट्रायल के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन के अनुसार, बालक और बालिका खिलाड़ी 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इस तिथि के बाद यूपीसीए की रजिस्ट्रेशन वेबसाइट बंद हो जाएगी।

इच्छुक खिलाड़ी लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण पूरा होने पर पोर्टल से ही खिलाड़ी की रजिस्ट्रेशन आईडी बन जाएगी। आवेदन के दौरान खिलाड़ी को अपना नाम, पता, पिता का नाम, आयु, जनपद और आयु वर्ग संबंधी जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी। इसके लिए निर्धारित शुल्क 400 रुपये है। खिलाड़ी को अपने मोबाइल नंबर से पोर्टल पर लॉगिन करना होगा।

आवेदन के साथ वर्तमान फोटो, आधार कार्ड और डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य है। नियमों के अनुसार खिलाड़ी एक से अधिक आयु वर्ग में पंजीकरण करा सकते हैं, जबकि एक मोबाइल नंबर से केवल एक खिलाड़ी का पंजीकरण होगा। एसोसिएशन के अनुसार, पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है और ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

पंजीकरण के बाद खिलाड़ी चालान की प्रति लेकर फुट ऑन शूज बिल्डिंग, सिकंदरा, केके नगर पेट्रोल पंप के सामने स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। अधिक जानकारी के लिए संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर से संपर्क किया जा सकता है।