रोहतास के डेहरी प्रखंड में कृषि विभाग वित्तीय वर्ष 2026-27 में रबी फसलों, विशेषकर तिलहन और दलहन की खेती पर जोर दे रहा है। डेहरी प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार के अनुसार सरसों की खेती के लिए बेरकप, दहाउर, पतपुरा और चकनहां पंचायतों में क्लस्टर बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक पंचायत से 15 किसानों का चयन किया गया है। इन चार पंचायतों के कुल 60 किसान 60 एकड़ में सरसों की फसल प्रदर्शन (डेमो) करेंगे, जिसके लिए 1 क्विंटल 20 किलोग्राम बीज का लक्ष्य रखा गया है।

चना की खेती के लिए गंगौली पंचायत के सिधौली और अहिबरनपुर गांव में 25 किसानों का क्लस्टर बनाया गया है। प्रत्येक किसान एक एकड़ में चना की खेती करेगा, जिसके लिए आठ क्विंटल बीज का लक्ष्य निर्धारित है। सरसों के डेमो में भुसहुला, चैनपुर, सुअरा, चकिया, पतपुरा, घोंघहा, ओझवलिया, पटनवा और बडिहां गांव शामिल किए गए हैं।

अनुदानित बीज वितरण के तहत राई-सरसों के लिए 6 क्विंटल 30 किलोग्राम, मटर के लिए 14 क्विंटल 80 किलोग्राम और चना के लिए 2 क्विंटल 18 किलोग्राम बीज का लक्ष्य तय किया गया है। विभाग के अनुसार सरसों, चना, मटर और गेहूं सहित सभी फसलों के बीज के लिए किसानों को बिहार कृषि ऐप के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन कैफे या सीएससी सेंटर से भी किया जा सकता है। किसानों से समय पर आवेदन कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है।

इस अवसर पर बीएलडब्ल्यू संजय कुमार, किसान सलाहकार अमित कुमार, हरेन्द्र सिंह, कार्यपालक सहायक उपेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।