रुड़की में शहर की हरियाली पर सुनियोजित हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि रात के अंधेरे में पेड़ों की जड़ों से मिट्टी हटाकर उनमें एसिड या अन्य केमिकल डाला जा रहा है, जिससे पेड़ धीरे-धीरे सूख रहे हैं। यह गतिविधि किसी एक इलाके तक सीमित नहीं है। पॉश कालोनियों की सड़कों से लेकर स्टेट हाईवे और एनएचआई रोड तक ऐसे मामले सामने आए हैं। आरोप है कि पेड़ों को पहले अंदर से कमजोर किया जाता है और सूखने के बाद बारिश या खराब मौसम के दौरान ट्रैक्टर या जेसीबी से टक्कर मारकर गिरा दिया जाता है। जादूगर रोड पर कई पेड़ इस कारण हटाए गए कि वे घरों में धूप नहीं आने दे रहे थे और पक्षियों की आवाज आसपास के लोगों को पसंद नहीं आ रही थी। एनएचआई रोड पर पहले ऊर्जा निगम ने लॉपिंग के नाम पर पेड़ों के बड़े हिस्से काटे और अब जड़ों में केमिकल के ड्रम उड़ेलने का आरोप है। सिविल लाइंस में भी कई पेड़ हटाए गए हैं। शहर में अनियोजित विकास और आवासीय कालोनियों के व्यवसायिक रूप में बदलने को इसका कारण बताया जा रहा है, जहां नीचे दुकान और ऊपर मकान बनाए जा रहे हैं। अब केवल सरकारी कालोनियों के आसपास ही पर्याप्त पेड़ बचे हैं।

पर्यावरण की चिंता करने वाले विनीत कुमार और अमित शर्मा ने बताया कि कई जगहों पर उन्होंने पाया कि केमिकल से पेड़ सुखाए गए हैं। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन विभाग ने कुछ नहीं किया। पुलिस को भी शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए यह बेहद खतरनाक है। यदि कोई भवन निर्माण के दौरान ऐसा कर रहा है तो प्राधिकरण की ओर से उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अवर अभियंता से रिपोर्ट मांगी जा रही है।

वन विभाग के एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, हालांकि अभी तक किसी की ओर से लिखित में शिकायत नहीं की गई है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।