रुद्रप्रयाग के जखोली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दुर्घटना में बारातियों से भरी मारुति इको गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, तिलवाड़ा-सूर्यप्रयाग-तैला मोटर मार्ग पर जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैंड के समीप दोपहर करीब एक बजे यह वाहन कुरछोला गांव से बारात लेकर जखोली की ओर जा रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41) निवासी कुरछोला, बसन्ती देवी (52) निवासी तैला और सुनीता देवी (35) निवासी तैला की मौत हुई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सतपाल सिंह निवासी कुनियाली को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया जा रहा था, जबकि शिवानी (15), दिव्यांशी (13), अंजलि (26) और सुमीता को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। शिवानी और दिव्यांशी का सीएचसी जखोली में उपचार चल रहा है।

हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।