सहारनपुर के जैन बाग गोल कोठी क्षेत्र में मंडी कोतवाली इलाके में सर्राफ नीटू जैन के आवास से मंगलवार सुबह दिनदहाड़े जेवरात चोरी हो गए। परिवार के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में दहशत है और मोहल्ले में चर्चा तेज है।
बताया जा रहा है कि नीटू जैन की पत्नी मंगलवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर गई थीं। लौटने के बाद जब वह घर की ऊपर वाली किचन में पहुंचीं तो वहां गंडासा पड़ा मिला। इससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। कमरे में जाकर अलमारी देखी तो उसमें रखा सारा जेवर गायब था। परिवार का कहना है कि चोरों ने अलमारी से सोने-चांगी के सभी जेवरात निकाल लिए। घर के अंदर गंडासा मिलने से आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी के साथ घर में घुसे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर घर में किस रास्ते से घुसे, कितने लोग शामिल थे और किस दिशा में फरार हुए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद मोहल्ले के लोग घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं सर्राफा बाजार में भी इसकी चर्चा हो रही है। व्यापारी वर्ग ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और जेवरात बरामद करने की मांग की है। सीओ प्रथम सारिका चौधरी ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
