सहारनपुर में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को कथित तौर पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने के मामले में कार्रवाई हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण मयंक पाठक ने सोमवार को बताया कि सहारनपुर सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) पवन कुमार को पद से हटाकर ट्रैफिक सीओ बना दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ से संबंधित वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए भी पत्र लिखा गया है। मामले के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने ‘एक्स कॉर्प’ के सुरक्षा एवं कानूनी नीति विभाग को 19 एक्स खातों की सूची सौंपते हुए उनसे संबंधित वीडियो एवं पोस्ट हटाने का अनुरोध किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एआईएमआईएम अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी 21 नवंबर को सहारनपुर में अपर जिलाधिकारी, प्रशासन लवी त्रिपाठी से मिलने आए थे। इससे पहले वह सर्किट हाउस पहुंचे थे, जहां सुप्रीम कोर्ट के एक जस्टिस के आगमन पर पुलिस प्रशासन ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देने की व्यवस्था की थी। सूत्रों का कहना है कि जस्टिस को सुबह 11 बजे सर्किट हाउस पहुंचना था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ओवैसी वहां पहुंच गए और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उन्हें जस्टिस समझकर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दे दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। एएसपी ग्रामीण ने कहा कि इस पूरे मामले ने सहारनपुर से लखनऊ तक हलचल तेज कर दी है और अब इस मामले में कार्रवाई हुई है।
