मुंबई में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांछित आरोपी जीशान अख्तर के नाम से बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस बीच शिवसेना की वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र विधान परिषद की पूर्व सभापति नीलम गोरहे ने बड़ा बयान दिया है।

नीलम गोरहे ने कहा कि कुछ लोग हर कुछ हफ्तों में बॉलीवुड अभिनेताओं को धमकी देते हैं और उनसे जबरन वसूली करना चाहते हैं। उनका मकसद अभिनेताओं को डराना है। उन्होंने कहा कि जब बालासाहेब ठाकरे हमारे बीच थे, तब लोग ऐसी धमकियां देने से डरते थे। अब उन्हें लगता है कि अंडरवर्ल्ड एक बार फिर खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

गोरहे ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस सक्षम है और शिवसेना भी सक्षम है। जब कोई हमला होता है, तो उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद वहां पहुंच जाते हैं। उन्होंने धमकी देने वालों से कहा कि आज के समय में तकनीक बहुत उन्नत है और उनकी लोकेशन का पता लगाया जा सकता है। इसलिए सरकार जल्द से जल्द कार्रवाई करेगी।

गौरतलब है कि सैफ अली खान के फोन पर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांछित आरोपी जीशान अख्तर के नाम से जान से मारने की धमकी भरा वॉयस मैसेज आया है, जिसकी मुंबई पुलिस जांच कर रही है। इसमें कहा गया है कि वही हाल होगा जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था। यह धमकी ऐसे वक्त पर मिली है जब अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर खुलेआम फायरिंग को लेकर सितारे दशहत में हैं। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास गृह विभाग है।