स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में जूनियर मैनेजर (ई-जीरो) 2026 की लिखित परीक्षा का परिणाम रद्द होने के बाद प्रबंधन संदिग्ध अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। प्रबंधन की रडार पर एक दर्जन से अधिक अधिकारी व कर्मचारी हैं, जिन पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से परीक्षा के संचालन को प्रभावित करने का संदेह है। इन सभी से एक-एक कर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के साथ-साथ उनका तबादला कंपनी की माइंस व अन्य इकाइयों में किए जाने की तैयारी है।

इस मामले में सबसे अधिक संदिग्ध बोकारो इस्पात संयंत्र से जुड़े लोग बताए जा रहे हैं, जिनकी पृष्ठभूमि खंगालने की कवायद शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि सेल में जूनियर मैनेजर 2026 की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा पांच जुलाई 2026 को हुई थी, जिसमें लगभग आठ हजार कर्मचारी शामिल हुए थे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में दो दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

इसके बावजूद बोकारो और धनबाद के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के इस्तेमाल की बात सामने आई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और संचालन प्रभावित हुआ। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच सेल के विजिलेंस विभाग को सौंपी गई और जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई।

सेल मुख्यालय के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि जब भी ई-जीरो की परीक्षा होती है, गड़बड़ी का मामला बोकारो से ही सामने आता है। इसी कारण इस बार प्रबंधन ने मामले की गहन छानबीन कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई का निर्णय लिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जब तक पूरे मामले में शामिल लोगों के चेहरे से पर्दा नहीं हट जाता, तब तक ई-जीरो की परीक्षा की नई तिथि तय नहीं की जाएगी।