लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणा पत्र और पीडीए का प्रमाण पत्र जारी किया। इसके बाद भाजपा और जदयू ने सपा पर तीखा हमला बोला है। दोनों दलों का कहना है कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सपा के वादों पर भरोसा नहीं करती।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा कोई भी घोषणा पत्र ले आए, जनता उस पर विश्वास करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा सत्ता में आने वाली नहीं है और भाजपा जाने वाली नहीं है। घोषणा पत्र जारी होगा, लेकिन उसका कोई असर नहीं पड़ेगा। सीट बंटवारे पर चल रहे टकराव को उन्होंने सपा और कांग्रेस की अंदरूनी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि गठबंधन करके लड़ें या अलग-अलग, भाजपा दोनों स्थितियों में जीतेगी और तीसरी बार सरकार बनाएगी।

पटना में जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि सपा तथाकथित पीडीए के नाम पर लोगों को बरगलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ऐसी कोशिशें पहले भी कर चुके हैं। उनके अनुसार कांग्रेस-सपा गठबंधन खटाई में पड़ता दिख रहा है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए उत्तर प्रदेश में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और लोगों के जीवन में सुधार का दावा करते हुए कहा कि इसका सीधा लाभ एनडीए को मिलेगा।

सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे पर राजीव रंजन ने कहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को उसकी हैसियत बता रही है। उनके अनुसार कांग्रेस के पक्ष में कोई उत्साह या भरोसे का माहौल नहीं है, इसीलिए सपा ने भी कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना लिया है।