झारखंड के बोकारो निवासी युवा टेक रिसर्चर और छात्र सार्थक सिद्धांत को टाइम मैगजीन की पहली टाइम्स 100 नेक्स्ट सूची में शामिल किया गया है। यह सूची उन्हें वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाती है। सार्थक सिद्धांत ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं परीक्षा में अपनाई गई ऑनलाइन मूल्यांकन (OSM - ऑन-स्क्रीन मार्किंग) प्रणाली में कथित अनियमितताओं और टेंडर घोटाले का खुलासा करके चर्चा बटोरी थी। वे संसद समिति के सामने गवाही देने वाले पहले नाबालिग बताए जाते हैं।
बोकारो के डीपीएस से नर्सरी से दसवीं तक की पढ़ाई करने के बाद सार्थक ने रांची के प्रतिष्ठित जेवीएम स्कूल से 11वीं और 12वीं पूरी की। वर्तमान में वे बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित कालेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। वे शिक्षाविद् स्व. डीके झा के पुत्र हैं।
इस उपलब्धि पर उनकी माता सरोज प्रिया असीम गर्व और खुशी जता रही हैं। परिवार के मार्गदर्शन, संघर्षों और संस्कारों को अपनी ताकत बनाकर आगे बढ़े सार्थक की सफलता पर समाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह उपलब्धि बताती है कि हौसले बुलंद हों तो विपरीत परिस्थितियां भी सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं।
