भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में नई पहल हुई है। नेपाल के जनकपुरधाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का परिचालन 28 से शुरू होगा। पूर्व मध्य रेल के अनुसार ट्रेन संख्या 15595/15596 साप्ताहिक आधार पर चलेगी। यह ट्रेन सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर होते हुए गुजरेगी, जिससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें एलएससीएन के सात, एलएसीसीएन के तीन, एलएससीएनई के तीन, एलएसीसीडब्ल्यू के दो और एलडब्ल्यूएलआरआरएम का एक कोच शामिल है। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव भारतीय क्षेत्र में जयनगर में होगा।
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से खुलेगी। अयोध्या धाम में 6:20 से 6:25 बजे ठहराव के बाद यह गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और जयनगर होते हुए मंगलवार को नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचेगी, जहां दोपहर 12:40 बजे आगमन निर्धारित है।
रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के बाद पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर ने सभी संबंधित मंडलों को ट्रेन के सुचारु परिचालन और समयपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही इसे नियमित सुपरफास्ट, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह प्राथमिकता देने को कहा गया है।
