शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र के सियूड़ी गांव में एक युवक का धड़ कुएं में मिला है, जबकि उसका सिर गायब है। मंगलवार शाम कुएं के पास से गुजर रहे ग्रामीणों को दुर्गंध आई। शक होने पर उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो अंदर शव पड़ा था। सूचना के बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, लेकिन सिर नहीं मिला। आसपास काफी तलाश के बाद भी सिर का कोई पता नहीं चला।

सीओ दीपक कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। कुएं में चप्पलें और एक काला बैग भी मिला, जिसके बारे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वह युवक का ही हो सकता है। बैग से कपड़े, पावर बैंक, डेटा केबल, चंदन की डिब्बी, मोर पंख और एक कागज बरामद हुआ है। कुएं से कुछ दूरी पर खून के निशान भी मिले हैं।

सीओ के अनुसार शव की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि शव यहां लाकर डाला गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।