ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, जो अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं, ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना का ऐलान किया है। उनकी पार्टी और प्रवक्ता ने इसकी घोषणा की है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि उनका ढाका लौटना अभी मुश्किल है।

अमेरिकी टिप्पणीकार और दक्षिण एशिया के विशेषज्ञ माइकल कुगेलमैन के अनुसार, शेख हसीना बांग्लादेश वापस नहीं लौटेंगी। इसकी वजह बांग्लादेश का रुख है, जिसने साफ किया है कि हसीना आम नागरिक की तरह वापस नहीं आ सकतीं और उन्हें भारत से प्रत्यर्पित करके ही लाया जाएगा। कुगेलमैन का कहना है कि अगर वह किसी तरह ढाका पहुंच भी जाती हैं, तो सबसे मुमकिन यही है कि उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा, जिससे उनके समर्थकों में जोश आएगा और यह धारणा बनेगी कि उन्हें पीड़ित बनाया जा रहा है। मौजूदा तारिक सरकार यह नहीं चाहेगी।

विशेषज्ञ के मुताबिक, हसीना वापसी का दावा इसलिए करती हैं ताकि अपने समर्थकों को एकजुट कर सकें और सत्ता में वापसी की उम्मीद जगा सकें। ढाका लौटने पर वह सरकार की कमजोरियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगी, खासतौर से आर्थिक संकट उनको मौका दे सकता है।

तारिक रहमान की सरकार में विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने हसीना के आम यात्री की तरह लौटने की संभावना को पूरी तरह नकारा है। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल प्रत्यर्पण के जरिए ही वापस लाया जा सकता है और वह एक अपराधी की तरह हथकड़ी लगाए हुए ही भारत से ढाका आएंगी, क्योंकि वह देश में अपराधी हैं और मौत की सजा पा चुकी हैं। हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में ढाका की एक अदालत फांसी की सजा सुना चुकी है। हसीना के बाद आए मोहम्मद यूनुस के अंतरिम प्रशासन और मौजूदा तारिक सरकार ने भारत से बार-बार उनके प्रत्यर्पण की मांग की है, लेकिन भारत सरकार ने अब तक ऐसे संकेत नहीं दिए हैं कि वह हसीना को ढाका को सौंप सकता है।