बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को देश लौटने की योजना बनाई है, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने इस योजना को खारिज कर दिया है। हसीना के प्रवक्ता के मुताबिक, उन्होंने दिल्ली से ढाका तक राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान एयरलाइन्स के विमान से वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। 16 दिसंबर को बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर विजय का उत्सव मनाता है।
इस मामले पर पूर्व राजनयिक वीणा सीकरी ने कहा कि जब से हसीना ने वापसी की बात कही है, बांग्लादेश में भूचाल मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर हसीना को जान का खतरा भी होगा तो वह अपने ही देश में मरना पसंद करेंगी। सीकरी के अनुसार, हसीना खुद अपने देश लौटना चाहती हैं और उनके समर्थक भी यही चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश से मिले फीडबैक के आधार पर ही हसीना ने यह फैसला लिया होगा। सीकरी ने कहा कि बांग्लादेश के हालात लगातार खराब हो रहे हैं और देश आर्थिक तौर पर गहरे संकट में है।
ढाका में हसीना के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया आई है। सरकार ने कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा और उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है। हसीना के प्रवक्ता अली ने कहा कि उनके वकील द्वारा नौ और 19 नवंबर को भेजे गए पत्रों के जरिए नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से जरूरी यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया गया है। अली ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि विजय दिवस पर उनकी वापसी संभव बनाई जाए।
छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के बाद हसीना पांच अगस्त 2024 को भारत चली गई थीं, जहां वह निर्वासन में रह रही हैं। जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में नवंबर 2025 में उन्हें गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे। बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि नई दिल्ली का कहना है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के जरिए अध्ययन किया जा रहा है। हसीना ने अपने खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह बांग्लादेश लौटना और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।
