पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जिला पंचायत की ओर से आयोजित इस मेले में गंगा की रेती पर दूर-दूर तक तंबुओं का शहर बस गया है। शामली और मुजफ्फरनगर सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु परिवार सहित मेले में पहुंचे हैं। रेती पर भैंसा-बुग्गियों की कतारें और ट्रैक्टर-ट्रालियों के बीच श्रद्धालुओं के अस्थायी डेरे नजर आ रहे हैं।
डेरे बसाने के बाद श्रद्धालु गंगा स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। श्री शुकदेव आश्रम, हनुमद्धाम, गणेश धाम, शिव धाम, दुर्गा धाम और मां पीतांबरा धाम में दिनभर भीड़ लगी हुई है। प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधने और मनौती मांगने वालों का भी तांता लगा है। शाम को गंगा घाट पर होने वाली आरती के समय हर-हर गंगे के जयघोष से पूरी तीर्थनगरी गूंज उठती है। श्रद्धालु कारगिल शहीद स्मारक और शिक्षा ऋषि की समाधि पर पहुंचकर पुष्प अर्पित कर नमन कर रहे हैं।
मेले में बच्चों का मुंडन संस्कार कराने की प्राचीन परंपरा भी निभाई जा रही है। कई परिवार बच्चे के जन्म के समय ही गंगा मेले में मुंडन कराने का संकल्प लेते हैं। बुधवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सगे-संबंधियों की मौजूदगी में गंगा तट पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया। मेले के बाजारों में भी चहल-पहल है, जहां घरेलू सामान, खिलौने और खानपान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। विभिन्न आश्रमों में सत्संग और प्रवचन आयोजित किए जा रहे हैं।
सुरक्षा के लिए गंगा घाट पर पीएसी तैनात की गई है, जबकि महिला घाट पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीओ राधारमण सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार और मेला कोतवाल विनोद कुमार ने पुलिस बल के साथ श्रद्धालुओं के वाहनों और अस्थायी डेरों की तलाशी ली। इस दौरान कई भैंसा-बुग्गियों और डेरों से शराब बरामद हुई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर जांच अभियान जारी रखा है।
