केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार बुधवार को डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 'समावेश' और नए ई-अनुदान पोर्टल की शुरुआत करेंगे। मंत्रालय के अनुसार, इससे सरकारी योजनाओं की जानकारी लेना और उनका लाभ उठाने की प्रक्रिया आसान होगी।

एआई आधारित 'समावेश' पोर्टल का पूरा नाम सिंगल एक्सेस मैकेनिज्म फार आल वर्टिकल्स ऑफ एम्पावरमेंट एंड सोशल हार्मनी है। इसके जरिये मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और विभागीय पोर्टल को एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। कॉमन लॉगिन सुविधा से नागरिकों, लाभार्थियों और अन्य संबंधित पक्षों को अलग-अलग पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पोर्टल की प्रमुख विशेषता एआई क्षमता से लैस चैटबॉट 'सामाजिक सहायक' होगा, जो भाषिणी के सहयोग से 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएगा। पोर्टल को डिजिलाकर और पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) से भी जोड़ा जाएगा।

अनुदान सहायता के प्रबंधन को सरल बनाने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से नया ई-अनुदान पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। इसमें अटल वयो अभ्युदय योजना (एवीवाईएवाई) समेत चार प्रमुख योजनाओं के तहत अनुदान संबंधी प्रक्रियाएं एकीकृत होंगी। पोर्टल का उद्देश्य विभाग की योजनाओं के तहत सहायता पाने वाले गैर सरकारी संगठनों, स्वैच्छिक संगठनों और अन्य संस्थानों के लिए 'कारोबारी सुगमता' को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में दो सहमति ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी होगा। पहला एमओयू सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और भाषिणी के बीच होगा, जिससे 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी और सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। दूसरा एमओयू विभाग और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के बीच होगा, जिसका उद्देश्य कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।