हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अर्की क्षेत्र की बेरल पंचायत के बोही गांव के पास सतलुज नदी में एक मोटर बोट तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई, जिससे उसमें सवार 30 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। बोट की शाफ्ट टूटने से उसमें धीरे-धीरे पानी भरने लगा और मौके पर भय का माहौल बन गया।
पंचायत बेरल के प्रधान जोगिंद्र के अनुसार, बोट की शाफ्ट टूट गई थी, जिससे यात्री घबरा गए थे। यात्रियों ने बिना समय गंवाए दूसरी बोट भेजने के लिए फोन किया। दूसरी बोट पहुंचने पर सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उसमें शिफ्ट कर दिया गया।
बताया गया है कि बोही गांव के लोग राशन डिपो से सामान लेकर बोट के जरिए घर लौट रहे थे। करीब 400 मीटर के दायरे में फैली सतलुज नदी के दूसरे किनारे तक पहुंचने से करीब 250 मीटर पहले बोट में तकनीकी खराबी आई और वह बंद हो गई। बोट में सवार लोग जितना पानी निकालते, उतना और भर जाता था, जिससे खतरा बढ़ता जा रहा था।
दूसरी बोट से सभी यात्री सुरक्षित सड़क किनारे पहुंचे, जहां उनके परिजन इंतजार कर रहे थे। अपनों को सलामत देखकर परिवार के सदस्य भावुक हो गए। यात्रियों का कहना था कि अगर दूसरी बोट पहुंचने में देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पंचायत प्रधान के अनुसार, घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं।
