सोनीपत जिला नागरिक अस्पताल में बुजुर्गों और महिलाओं के लिए तीन विशेष पंजीकरण काउंटर तैयार किए जा रहे हैं, ताकि ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए उन्हें लंबी लाइनों में इंतजार न करना पड़े। सिविल सर्जन डॉ. अलंकृता गेरा के अनुसार काउंटरों का मुख्य ढांचा बन चुका है और पेंट, बिजली तथा बेस बनाने का काम अंतिम चरण में है। निर्माण एजेंसी से अगले 20 से 25 दिनों में भवन हैंडओवर मिलने की उम्मीद है।

अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 1800 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। सुबह ओपीडी खुलते ही पंजीकरण काउंटरों पर भारी भीड़ जुट जाती है और सामान्य लाइनों में धक्का-मुक्की तथा लंबी प्रतीक्षा से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और महिलाओं को होती है। इसी समस्या के समाधान के लिए अलग से तीन पंजीकरण लाइनें शुरू करने की योजना बनाई गई है। हैंडओवर मिलने के बाद काउंटरों पर कंप्यूटर सिस्टम और आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएंगे।

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार नए काउंटरों के संचालन के लिए नई नियुक्तियों का इंतजार नहीं किया जाएगा। मौजूदा स्टाफ में से ही कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर इन्हें तुरंत चालू किया जाएगा। लाइनों का दबाव कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ई-उपचार प्रणाली के तहत डिजिटल पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर क्यूआर कोड स्कैनर के पोस्टर लगाए गए हैं।

मरीज मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन होने पर मोबाइल पर ओटीपी आएगा, जिसे अलग काउंटर पर दिखाकर मरीज सीधे ओपीडी पर्ची बनवा सकेंगे। इससे समय बचेगा और पंजीकरण खिड़की पर भीड़ भी नियंत्रित रहेगी। डॉ. अलंकृता गेरा ने कहा कि मरीजों को सुगम और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल पंजीकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।