हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के उद्घाटन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। रविवार की सुबह जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने मेला परिसर के विभिन्न स्थानों पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों को संबोधित करते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।

डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में साफ-सफाई, सजावट, रोशनी, बिजली और यातायात प्रबंधन दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मेला परिसर के प्रत्येक हिस्से को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया, ताकि उद्घाटन समारोह के दौरान आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्य प्रवेश द्वारों और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया। मुख्य मंच के प्रवेश द्वार पर भी सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।

डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के सारण जिला सीमा में प्रवेश से लेकर हरिहरनाथ मंदिर आगमन और कार्यक्रम समाप्ति के बाद जिला सीमा से प्रस्थान तक सभी प्रतिनियुक्त कर्मी अपने निर्धारित स्थान पर मौजूद रहेंगे। कोई भी अधिकारी या कर्मी सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगा। मुख्य द्वारों पर तैनात कर्मी विशिष्ट अतिथियों के प्रस्थान के बाद ही निर्देशानुसार अपनी जगह छोड़ेंगे।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित स्थल पर पत्रकारों की आवाजाही और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी दी गई है। विद्युत, सफाई, सजावट और यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह रहने को कहा गया। डीएम ने कहा कि सोनपुर मेले का उद्घाटन महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित आयोजन है, जिसे गरिमामय, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी को तत्परता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।