सेंचुरियन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन साउथ अफ्रीका ने सात विकेट पर 494 रन बनाकर अपनी लीड 403 रन तक पहुंचा दी है। मार्कस एकरमैन और वियान मुल्डर के शतकों के दम पर साउथ अफ्रीका ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है, जिससे बांग्लादेश पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है।
एकरमैन ने 138 गेंदों में 150 रन की पारी खेली, जिसमें 23 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए जुबैर हमजा (27) के साथ 96 रन जोड़े। टोनी डी जॉर्जी ने सात चौकों की मदद से 66 रन बनाए। उन्होंने चौथे विकेट के लिए मैथ्यू ब्रीत्जके (20) के साथ 34 और पांचवें विकेट के लिए रायन रिकल्टन (20) के साथ 43 रन की साझेदारियां निभाईं।
डी जॉर्जी और मुल्डर के बीच छठे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी हुई। मुल्डर ने 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से 100 रन बनाए। उन्होंने मार्को यानसेन के साथ सातवें विकेट के लिए 106 रन जोड़े। यानसेन छह चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
स्टंप्स तक साइमन हार्मर भी यानसेन के साथ क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों की कोशिश टीम की लीड को 500 के करीब ले जाने की होगी। साउथ अफ्रीका यहां से बांग्लादेश को पारी से हराने की कोशिश करेगा।
